Wednesday, 22 March 2017

Idea-Voda का विलय, देश का सबसे बड़ा टेलीकॉम ऑपरेटर होगा संयुक्त उपक्रम



 देश के दो बड़े टेलिकॉम ऑपरेटर वोडाफोन और आइडिया के बीच विलय की घोषणा कर दी गई है। इस घोषणा के बाद भारत में नंबर वन कंपनी बन गई है। बता दें कि करीब आठ महीने तक चली लंबी बातचीत के बाद वोडाफोन और आदित्य बिड़ला समूह की आइडिया सेल्युलर का विलय हो पाया।
बताया जा रहा है कि वोडाफोन कंबाइन्ड इनटाइटी का 45% अपने पास रखेगी वहीं, आइडिया के पास इसकी 26 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। आगे जाकर आदित्य बिड़ला ग्रुप और वोडाफोन का हिस्सा बराबर हो जाएगा। अभी भारती एयरटेल देश की सबसे बड़ी कंपनी है।
विलय के बाद कंपनियों ने कहा कि 3जी और 4जी नेटवर्क पूरे देश में जाल की तरह फैलाया जाएगा। विलय के बाद इस कंपनी के पास 40 करोड़ ग्राहक होंगे, जो कि भारत में तीन ग्राहकों में से एक इस कंपनी के ग्राहक होंगे। ऐसा कहा जा रहा है कि देश में तीन लाख से ज्यादा लोग टेलिकॉम इंडस्ट्री में नौकरी करते हैं, लेकिन अगले 18 महीने की मर्जर प्रक्रिया के दौरान टेलिकॉम इंडस्ट्री से 10,000 से 25,000 लोगों की नौकरी पर तलवार लटक रही है।

वोडाफोन पिछले दो दशकों से भारत में मौजूद है और एक दशक से नेशनल ऑपरेटर है। वोडाफोन इंडिया में इसकी मूल कंपनी ने सितंबर 2016 में 47700 करोड़ रुपये का निवेश किया था, जिसका ज्यादातर हिस्सा 81500 करोड़ रुपये के ऋण की अदायगी में गया था। सिंतबर 2016 तक कंपनी के पास 20 करोड़ ग्राहक थे।

इसके बावजूद भी कंपनी को घाटा हो रहा था। इस घाटे के चलते वोडाफोन की भारतीय इकाई के वैल्यूएशन में 500 करोड़ यूरो की कमी की गई थी। वोडाफोन 2010 से आईपीओ लाने की बात कर रही है, लेकिन इसको अभी तक मार्केट में नहीं लाया गया


MP Sab Kuch


Saturday, 18 March 2017

फेसबुक, ट्विटर पर यूरोपियन कमीशन सख्त, कहा- फेक कंटेंट हटाओ या जुर्माना भरो


यूरोपिय कमीशन के एक अधिकारी ने सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक, ट्विटर और अल्फाबेट को फटकार लगाते हुए कहा है कि सोशल मीडिया एक महीने के भीतर अपनी शर्तों में संशोधन करें या फिर जुर्माना देने के लिए तैयार रहें। कमीशन के ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि सोशल मीडिया कंपनियों को यूरोपियन कंज्यूमर की शर्तों को फॉलो करना होगाहामें बदलाव करने की जरूरत है। वहीं जर्मनी भी सोशल मीडिया कंपनियों के लिए नए कानून को लाने वाला है ताकि सोशल मीडिया से फ्रॉड, किसी के खिलाफ और धमकी वाले कंटेंट को रिमूव किया जा सके।

प्रेस रिलीज में कहा गया है कि यदि सोशल मीडिया कंपनियां ऐसे कंटेंट को रिमूव करने में नाकाम रहती है तो उन पर 50 मिलियन यूरो का जुर्माना लगाया जाएगा। कमीशन ने इससे पहले पिछले साल नवंबर में फेसबुक, ट्विटर और गूगल + को नोटिस जारी करके धमकी और फ्रॉड वाले कंटेंट को रिमूव करने को कहा था।


MP Sab Kuch

रोचक : विदेश मंत्री के पति उनका ट्विटर फॉलो नहीं करते


कौशल स्वराज का जवाब सुनकर हंसे बिना नहीं रह पाएंगे आप
नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल का एक ट्वीट वायरल हो गया है. ये ट्वीट है ही इतना मजेदार कि अगर आप भी इसे पढ़ेंगे तो शायद हंस आ जाए. दरअसल, एक यूजर ने कौशल स्वराज से ट्विटर पर पूछा, 'आप सुषमा को क्यों फॉलो नहीं करते?' इसके जवाब में स्वराज कौशल ने लिखा, 'क्योंकि मैं लीबिया या यमन में नहीं फंसा हुआ हूं.' यह जवाब सोशल मीडिया में छाया हुआ है. कुछ लोग इसपर चुटकियां ले रहे हैं तो कई कौशल की तारीफ कर रहे हैं. कौशल के जवाब पर कई अन्य टि्वटर यूजर्स ने भी मजेदार टिप्पणियां दी हैं. एक यूजर ने लिखा है, 'खुशहाल शादीशुदा जिंदगी के लिए, सभी जोड़ों को एक दूसरे को फेसबुक और टि्वटर पर ब्लॉक कर देना चाहिए.' मालूम हो कि सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल नामी वकील रह चुके हैं और पूर्व राज्यपाल हैं. सुषमा स्वराज जहां अक्सर ट्विटर पर मदद मांगने वालों के लिए आगे आती रहती हैं. वह विदेशों में फंसे लोगों की मदद करने से लेकर पासपोर्ट बनवाने तक में मदद करती रहती हैं. सुषमा कई बार व्यक्तिगत चीजें भी अपने पर्सनल ट्विटर पेज से शेयर करती हैं. कुछ दिन पहले उन्होंने पति स्वराज कौशल के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की थी. वहीं उनके पति स्वराज कौशल भी ट्विटर पर खासे सक्रिय हैं. दिलचस्प बात यह है कि कौशल अपनी पत्नी सुषमा को ट्विटर पर फॉलो नहीं करते हैं. कौशल से जब कभी सुषमा को लेकर सवाल पूछे जाते हैं तो वे बेहद चुटीले अंदाज में जवाब देते हैं.
एक ट्विटर यूजर ने उनसे पूछा, 'आप आखिरी बार सुषमा स्वराज से कब मिले थे? 'इस पर उसे जवाब मिला था, 'क्या आप आरटीआई एक्टिविस्ट हैं.' एक यूजर ने लिखा था, 'आप और सुषमा स्वराज के पास गजब का सेन्स ऑफ ह्यूमर है. आप दोनों लोग खूब मजे करते होंगे.' इस पर जवाब मिला, 'यह कॉमेडी पिछले 42 साल से जारी है.' रमेश नाम के एक यूजर ने पूछा था, 'सर, मैं जानना चाहता हूं कि आपने अरैंज मैरिज की थी या लव मैरिज?' इस पर उन्हें जवाब मिला, 'दोनों के लिए वारंटी पीरिएड क्या है.' लक्ष्य आडवाणी ने पूछा था, 'सर, मैं आपका सम्मान करता हूं, बस यह जानना चाहता हूं कि सब ठीक है? सुषमा स्वराज मैम आज टि्वटर पर सक्रिय नहीं है. उम्मीद करता हूं सब ठीक हो.' इस ट्वीट पर स्वराज ने जवाब दिया, 'अगर वे ट्वीट नहीं कर रही हैं तो सब ठीक है.' मालूम हो कि 1990 में महज 37 साल की उम्र में स्वराज कौशल मिजोरम के राज्यपाल के रूप में पदभार संभालने वाले भारतीय इतिहास में सबसे कम उम्र के गवर्नर बने थे. उन्हें हरियाणा विकास पार्टी के उम्मीदवार के रूप में अगस्त 1998 में हरियाणा से राज्यसभा के लिए चुना गया था.
 
 

31 मार्च तक लगवाएँ सेटटॉप बॉक्स : शिवराज वर्मा

 
 
एडीएम ने बैठक लेकर सभी एमएसओ को दिए निर्देश 
ग्वालियर। आगामी 31 मार्च तक जिले के शेष सभी क्षेत्रों में अनिवार्यत: डेस (डिजिटल एड्रेसेबल केबल सिस्टम) अर्थात सेटटॉप बॉक्स से टीवी प्रसारण सुनिश्चित करेंए अन्यथा संबंधित एमएसओ (मल्टीपल सिस्टम ऑपरेटर) जवाबदेह होंगे। यह निर्देश अपर जिला दण्डाधिकारी एवं केबल टेलीविजन नेटवर्क एक्ट के जिले के नोडल अधिकारी शिवराज वर्मा ने जिले के सभी एमएसओ को दिए हैं। वर्मा ने सोमवार को एमएसओ की बैठक लेकर इस संबंध में विस्तार से दिशा-निर्देश दिए। 
बैठक में वर्मा ने कहा कि सरकार ने केबल नेटवर्क एक्ट में संशोधन किया है, जिसके तहत एमएसओ अब सेटटॉप बॉक्स के जरिए ही केबल नेटवर्क का प्रसारण कर सकते हैं। इससे न केवल राजस्व की चोरी रूकी है बल्कि उपभोक्ताओं को भी उच्चकोटि का प्रसारण देखने को मिल रहा है। बैठक में बताया गया कि सम्पूर्ण ग्वालियर शहर में सेटटॉप बॉक्स लगाए जा चुके हैं। आगामी 31 मार्च तक ग्रामीण क्षेत्र में यह काम पूरा किया जाना है। कुल मिलाकर जिले में अब तक 86 केबल कनेक्शन सेटटॉप बॉक्स से जुड़ चुके हैं। बैठक में संबंधित वाणिज्यकर अधिकारी एवं जिले के विभिन्न एमएसओ के प्रतिनिधि मौजूद थे। डीडी नेशनल, डीडी न्यूज, डीडी भारती, डीडी स्पोट्र्स, डीडी उर्दू, डीडी इंडिया, लोकसभा टीवी, राज्यसभा टीवी, डीडी किसान तथा डीडी मध्यप्रदेश सहित देश की अन्य क्षेत्रीय भाषाओं के डीडी चैनल शामिल हैं।

MP Sab Kuch


'बेगम जान' के ये 6 दमदार डायलॉग जाे दिमाग को कर देंगे सुन्न



 हाल ही में विद्या बालन की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'बेगम जान' का ट्रेलर रिलीज हुआ। 'डर्टी पिक्चर' के बाद विद्या एक बार फिर बोल्ड अवतार में नजर आ रही हैं। फिल्म के 3 मिनट के ट्रेलर में ऐसे ताबड़तोड़ डायलॉग्स हैं जिन्हें सुनकर आपके कान सुन्न हो जाएंगे। आइए सुनते हैं 'बेगम जान' के वो डायलॉग्स जिसमें विद्या बालन के जबरदस्त तेवर दिख रहे हैं। बाप, भाई, बेटा, शौहर... बेगम जान की चौखट के उस पार हर मर्द एक मुर्गा है, तीन टांगों वाला मुर्गा। जनाब, आप जिसे जुबान से कोठा और दिमाग में रंडीखाना सोच रहे हैं वो मेरा घर है, मेरा वतन। एक महीने का वक्त है, सिर्फ एक महीना... महीना हमें गिनना आता है साहब, हर बार साला लाल करके जाता है। तवायफ के लिए हर दिन एक जैसा होता है, एक बार बत्ती बुझी तो सब एक।










MP Sab Kuch

Wednesday, 15 March 2017

चौथी बार गोवा के सीएम बने परिकर, समर्थन देने वाले 8 में से 7 विधायकों को बनाया मंत्री


 गोवा में नई सरकार के मुखिया मनोहर परिकर ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। परिकर ने कोंकणी भाषा में शपथ ली उन्हें दो बार शपथ लेनी पड़ी। असल में पहली बार शपथ लेने के दौरान परिकर ने मुख्यमंत्री की बजाय मंत्री का उच्‍चारण किया जिसकी वजह से उन्हें दोबारा शपथ दिलवाई गई। परिकर के साथ ही 8 अन्य विधायकों ने भी मंत्रिपद की शपथ ली। खास बात ये है कि भाजपा को समर्थन देने वाले आठ विधायकों में से सात को मंत्री बनाया गया है। बता दें कि चौथी बार गोवा के मुख्यमंत्री बनाए गए 62 साल के परिकर ने रक्षामंत्री का पद छोड़कर दोबारा राज्य की राजनीति में वापसी की है। 16 मार्च को उन्हें विधानसभा में अपना बहुमत साबित करना है।

बता दें कि गोवा में हालिया चुनाव के बाद भाजपा ने 13 सीटें जीती हैं जबकि 17 सीटें लेकर भाजपा पहले नंबर पर रही हैं। लेकिन भाजपा ने फारवर्ड पार्टी, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश किया, जिसे राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने स्वीकार कर लिया। शपथ लेने के बाद परिकर ने कहा कि उनके पास कुल 22 विधायकों का समर्थन है, जिसके दम पर उन्होंने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया।

परिकर ने शपथ ग्रहण का विरोध करने वाली कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर आपके पास पर्याप्त बहुमत था तो आपने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा क्यों नहीं किया।


MP Sab Kuch

मिस कॉल पर घर बैठे बीएसएनएल टेलीफोन मिलेगा

 
 भोपाल. दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल ने फोन ऑन कॉल सेवा लांच की है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति मिस कॉल देकर घर बैठे फोन कनेक्शन हासिल कर सकता है। 
इसके अलावा बीएसएनएल रिचार्ज अपनी एमपी ऑनलाईन पर भी उपलब्ध होने लगेंगे। बीएसएनएल मप्र परिमण्डल के मुख्य महाप्रबंधक डॉ जीसी पांडेय ने यह एलान किया उन्होंने एमपी ऑनलाइन के साथ हुए अनुबंध की जानकारी भी दी । साथ ही बताया कि अब एमपी ऑनलाईन के साथ 10 हजार कियोस्क पर भी बीएसएनएल मोबाइल के रिचार्ज की सुविधा मिलने लगेगी। 
मप्र में अभी बीएसएनएल के 26 हजार काउंटर हैं एमपी ऑनलाईन के जुड़ने  से यह सुविधा 36 हजार स्थानों पर उपलब्ध हो सकेगी। दूरस्थ अंचलों के कियोस्क पर भी यह सुविधा शुरू होने से ग्रामीणों को भी लाभ होगा । इस अवसर पर एमपी ऑनलाइन सेवा के सईओ राजीव सिसोदिया भी मौजूद थे। 
मुख्य महाप्रबंधक पाण्डेय ने बताया कि कोई व्यक्ति यदि बीएसएनएल के लैण्डलाईन/ब्राडबैण्ड का कनेक्शन लेना चाहता है तो वह बीएसएनएल के मोबाइल नम्बर 9425000808  अथवा 9425000202 पर मिस कॉल भी दे दे तो उससे बीएसएनएल के प्रतिनिधि तत्काल संपर्क करेंगे। संबंधित उपभोक्ता को घर बैठे ही कनेक्शन मिल जायेगा। उन्होंने बताया कि यह सुविधा पूरे प्रदेश में लागू कर दी गयी है।