Tuesday, 23 May 2017

बाहुबली निर्माता ने कहा- कारोबार के लिए 1500 करोड़ कमाने वाली फ़िल्म 'शुभ'






'बाहुबली' श्रृंखला की फ़िल्मों के निर्माता शोबू यार्लागद्दा ने सोमवार को उम्मीद जताई कि नए बाजारों में पहुंच बनाने वाली फ़िल्में 'बाहुबली-2 : द कन्क्लूजन' और 'दंगल' की सफलता फिल्म उद्योग के लिए आगे चलकर फायदेमंद साबित होगी.

शोबू ने ट्वीट किया, "एक के बाद एक दो फ़िल्मों ने दुनियाभर में 1,500 करोड़ रुपये का व्यापार किया..नए बाजार खुले हैं! उम्मीद है कि यह हमारे उद्योग के लिए शुभ साबित होगा."

दोनों फ़िल्मों ने 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा काम लिए हैं और अभी भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं.
हालांकि, 'दंगल' पिछले साल भारत में रिलीज हुई थी. इस महीने की शुरूआत में यह चीन में रिलीज हुई है और चीनी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है.

पाउलो कोएल्हो के उपन्यास 'द अलकेमिस्ट' के एक लाइन का जिक्र करते हुए शोबू ने कहा, "वह सब कुछ जो एक बार होता है, वह फिर कभी दोबारा नहीं हो सकता है, लेकिन वह सब कुछ जो दो बार होता है, वह तीसरी बार जरूर होगा."

शोबू शायद इशारों ही इशारों में रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फ़िल्म  '2.0' की बात कर रहे हैं, जो 400 करोड़ की लागत से बनाई जा रही है.



MP Sab Kuch

Monday, 22 May 2017

सिर्फ 50 हजार चुकाकर घर लाएं नई डिजायर







देश की सबसे लोकप्रिय कॉम्पैक्ट सेडान मारुति सुजुकी डिजायर लॉन्च हो चुकी है। एक बार फिर से लोगों की दीवानगी इस कार के प्रति दिख रही है और इसकी वेटिंग अवधि बढ़ती ही जा रही है। अगर आपकी कमाई बहुत ज्यादा नहीं है तो इस तरीके को अपनाकर आप नई डिजायर को अपनी गैराज का हिस्‍सा बना सकते हैं। मैं यहां पर स्विफ्ट डिजायर एलएक्सआई की बात कर रहा हूं जिसकी एक्सशोरूम कीमत 5 लाख 45 हजार रुपये है। नई डिजायर 14 वेरिएंट में बाजार में उपलब्‍ध है तथा इसके टॉप मॉडल एएमटी जेडडीआई प्लस की कीमत 9.41 लाख रुपये एक्सशोरूम दिल्ली है। तो आइए आपको बताते हैं कि कैसे आप इसके बेसिक मॉडल को महज 50 हजार रुपये चुकाकर अपनी गैराज का हिस्सा बना सकते हैं। 
 
आप 84 महीने के लिए कार की ईएमआई करवाईए और इसके लिए डाउन पेमेंट कर दीजिए 50 हजार रुपये। इसके बाद आपकी हर महीने ईएमआई बन जाएगी 8 हजार 334 रुपये। इसके बाद 10.5 फीसदी बैंक के ब्याज दर के हिसाब से जब यह कार पूरी तरह से लोन मुक्त होगी तो आप 7 लाख 1 हजार 64 रुपये चुका चुके होंगे। एक तरह से देखा जाए तो यह बढ़िया विकल्प है एक साथ पैसे चुकाने के बजाए भले ही आपको ज्यादा रकम चुकानी पड़ रही हो पर जब आप पूरी तरह से गणित लगाएंगे तो आपको इसका फायदा नजर आ जाएगा। अगर आप ईएमआई और कम करना चाहते हैं तो फिर डाउनपेमेंट बढ़ा दीजिए। 

नई डिजायर में क्या है खास  

कार में 1.2 लीटर का पेट्रोल इंजन और 1.3 लीटर का मल्टीजेट डीजल इंजन दिया गया है। 1.2 लीटर का इंजन कार को 85 हॉर्सपावर की ताकत प्रदान करता है जबकि 1.3 लीटर का मल्टीजेट इंजन इसे 75 हॉर्सपावर की ताकत प्रदान करता है। कंपनी ने कार की लंबाई से कोई छेड़छाड़ नहीं की है। हालांकि कार के एक्सटीरियर में खासा बदलाव किया गया है। यह एक शानदार कार बन गई है और यही वजह है कि लोग एक बार फिर से डिजायर का रुख कर रहे हैं।


MP Sab Kuch

सुसाइड नोट छोड़कर गायब हुई ये छात्रा, लगाए गंभीर आरोप







डीएवी कालेज की एक छात्रा सोमवार सुबह सुसाइड नोट छोड़कर गायब हो गई। सुसाइड नोट में उसने दो युवकों की प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी करने जाने की बात कही है। पुलिस ने भी उसकी तलाश में कई घंटे दौड़ लगाई, लेकिन कहीं से कोई सुराग नहीं लगा।

पौड़ी के डेमूला मल्ला निवासी प्रतिभा नेगी और उसकी बहन प्रियंका नेगी दून में एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही है। प्रतिभा डीएवी कालेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। प्रतिभा सोमवार सुबह सात बजे के करीब बहन के लिए एक सुसाइड नोट छोड़कर गायब हो गई। सुसाइड नोट में दो युवकों को आरोपित किया गया है।

कहा गया है कि यह दोनों उसे बदनाम करने के साथ मानसिक रुप से प्रताड़ित कर रहे है। वह माता-पिता की किसी तरह की बदनामी नहीं चाहती है, इसलिए खुदकुशी करने जा रही हैं। माता-पिता का ध्यान रखने के साथ याद न करने की बात कही गई है। बहन का सुसाइड नोट पढ़कर बहन प्रियंका रोने-बिलखने लगी।

पुलिस को मिला एक सुराग

सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने दो पेज का सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया। छात्रा का फोटोग्राफ पुलिस के व्हाट्स एप पर जारी कर शहर भर की पुलिस को सतर्क किया।

 कही से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसी बीच उसके मोबाइल का आखिरी लोकेशन गाजियाबाद के साहिबाबाद टावर पर मिली, तो पुलिस जांच की दिशा बदल गई है।

एसपी सिटी प्रदीप राय का कहना है कि छात्रा की बरामदगी के लिए पुलिस कार्रवाई चल रही है। जल्द ही उसका पता लगा लिया जाएगा।


 MP Sab Kuch

अभा ग्राहक पंचायत बनी जेबी संस्था







ग्वालियर। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ग्वालियर इकाई द्वारा संगठन को इन दिनों संगठन मंत्री द्वारा अपनी जेबी संस्था बना रखा है। संगठन मंत्री द्वारा चंदा उगाही के साथ ही शासकीय मकान पर कब्जा कर रखा है। इसे लेकर अब ग्राहक पंचायत में अब  विरोध के स्वर उठने लगे हैें। वहीं संगठन भी गर्त की ओर जा रहा है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालियर में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के नाम से एक इकाई संचालित है। इस ग्राहक पंचायत में संघ  के एक पूर्ण कालिक संगठन मंत्री प्रशांत ग्वालियरी ने एक दिनेश भारद्वाज के नाम से आवंटित शासकीय मकान में कार्यालय बना रखा है। ग्राहक पंचायत के नाम से संगठन मंत्री द्वारा अपनी रोजी रोटी चलाई जा रही है।  वहीं लगातार अधिकारियों से कार्यक्रम के नाम पर  चंदा उगाही की जा रही है। इसके चलते ग्वालियर की इकाई और संगठन मंत्री के बीच में दरार गहरी होने लगी है। सूत्र बताते हैं कि संगठन मंत्री के तानाशाही रवैये के चलते संगठन के जिला सचिव देवी सिंह राठौर से तानाशाही ढ़ंग से संगठन को चलाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि संगठन मंत्री द्वारा लगातार चंदा उगाही की जा रही है और वित्तीय  अनियमितताओं का आरोप जिला सचिव पर लगाया जा रहा है। इसके चलते जब जिला सचिव देवीसिंह राठौर ने मामला कार्यकारिणी में रखने की मांग की तो संगठन मंत्री ने बैठक को अपना अधिकार जताते हुए स्थगित करवा दिया। सूत्र बताते हैं कि ग्राहक पंचायत में जो पदाधिकारी या कार्यकर्ता संगठन मंत्री से बैठक स्थगित करने के बारे में पूछता है तो वह उसे उल्टा जबाब देते हैं। वहीं लडने को उतारू हो जाते हैं। ऐसे में ग्राहक पंचायत नामक संस्था का अब ग्वालियर में कोई घनी घोरी नहीं रह गया है। संगठन मंत्री प्रशांत ग्वालियरी ऐशो आराम की जिंदगी सरकारी बंगले के कमरे में जी रहे हैं। सूत्र यह भी बताते हैं कि उन्होंने  पार्क होटल के सरकारी कमरे पर अपना कब्जा कर रखा है, जिसके बारे में जिला प्रशासन ने भी सत्ताधरी पार्टी का संगठन होने के नाते कोई संज्ञान नहीं लिया है। अब देखना है कि संगठन मंत्री की हठधर्मिता के चलते संगठन का विस्तार होगा या फिर ऐशो आराम के चलते संगठन केवल पैसे कमाने का जरिया बना रहेगा इसका इंतजार रहेगा। 


ट्रंप की मौजूदगी में शरीफ की हुई बेइज्जती, नहीं मिला बोलने का मौका







सऊदी अरब में इस्लामिक सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान को अलग-थलग कर दिया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में पाक पीएम नवाज शरीफ की बेइज्जती हुई। उन्हें सम्मेलन के दौरान आतंकवाद पर बोलने का मौका ही नहीं मिला जबकि वे काफी तैयारी से आए थे। इस पर पाकिस्तान में शरीफ की जमकर आलोचना हो रही है।

पाक पीएम विपक्षी दलों से लेकर मीडिया तक के निशाने पर आ गए हैं। डेली पाकिस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक सम्मेलन में शरीफ को शर्मसार होना पड़ा जब आतंकवाद पर उन्हें अपनी बात रखने का मौका ही नहीं मिला।

बताया जा रहा है कि शरीफ ने सऊदी के लिए अपनी फ्लाइट के दौरान दो घंटे लगाकर लंबा भाषण तैयार किया था। गौर करने वाली बात यह है कि इस सम्मेलन में उन देशों के नेताओं को भी बोलने का मौका मिला जो आतंकवाद से ज्यादा प्रभावित नहीं हैं। जबकि नवाज शरीफ की पूरी तरह अनदेखी की गई।

इतना ही नहीं, ट्रंप ने एक बार भी अपने भाषण में नवाज शरीफ या पाकिस्तान का जिक्र तक नहीं किया। शरीफ के सामने ही उन्होंने भारत को आतंकवाद से पीड़ित मुल्क बताया। इस बैठक में ट्रंप ने मुस्लिम देशों के नेताओं से अपील की कि वे मिलकर आतंकवाद का मुकाबला करें।

द नेशन में भी प्रकाशित लेख में नवाज शरीफ की इस बेइज्जती का जिक्र किया गया है। इसमें लिखा है, ‘कुछ बहुत ही गलत हुआ है। रियाद में रविवार को आयोजित यूएस-अरब इस्लामिक समिट में हिस्सा लेने पीएम नवाज शरीफ की अगुआई में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई घटना के बारे में ऐसा ही कहा जा सकता है’। ज्यादातर पाकिस्तानी मीडिया में ये बात की जा रही है कि इकलौते परमाणु ताकत वाले इस्लामिक राष्ट्र की पूरी बेइज्जती हुई है।

द नेशन के लेख में जिक्र है कि किस तरह ट्रंप ने आतंकवाद के पीड़ित के तौर पर भारत, रूस, चीन और ऑस्ट्रेलिया का नाम तो लिया, लेकिन 70 हजार आम लोगों को गंवाने वाले पाकिस्तान का एक बार भी जिक्र नहीं लिया।

इसके मुताबिक आतंकवाद के पीड़ित के तौर पर भारत की चर्चा ऐसे समय में पाक के लिए बेहद चुभने वाली है, जब वह कुलभूषण जाधव के केस के जरिए भारत के खिलाफ अपनी बात को साबित करना चाहता है। 

इमरान ने की आलोचना

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के नेता इमरान खान ने कहा कि शरीफ ने देश को शर्मसार किया है। सवाल पूछे जा रहे हैं कि शरीफ आखिर रियाद गए ही क्यों थे। इमरान ने आरोप लगाया कि पूरे सम्मेलन के दौरान नवाज शरीफ मूकदर्शक बने रहे।

आगे कहा कि नवाज शरीफ को कश्मीर और फलस्तीन के बारे में बात करनी चाहिए थी। इमरान ने कहा कि पीएम नवाज शरीफ को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को उनके भाषण के लिए निशाने पर लेना चाहिए था, जिसमें उन्होंने ईरान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग करने की बात कही है।


MP Sab Kuch

दूल्हे की गाड़ी के सामने धरने पर बैठ गई प्रेमिका, फिल्मी अंदाज में हुई शादी






बिहार के दरभंगा में बिल्कुल फिल्मी स्टाइल में एक शादी का मामला प्रकाश में आया है. शादी समारोह में उस समय खलबली मच गई जब एक लड़की दूल्हे की गाड़ी के सामने धरने पर बैठ गई और दूल्हे को अपना प्रेमी बताकर शादी करने पर अड़ गयी.

मामला दरभंगा के जाले थाना के रेवढ़ा गांव का है जहां बीती रात बंसीलाल धूमधाम से अपने बड़े बेटे लखेंद्र कुमार की शादी की तैयारी में जुटे थे. दरवाजे पर दूल्हे की गाड़ी सज चुकी थी. जैसे ही दूल्हा शादी के लिए गाड़ी पर बैठकर निकलने लगा,  उसी समय सीतामढ़ी की रहनेवाली दूल्हे की प्रेमिका कांचला की फिल्मी स्टाइल में एंट्री हो गई. लड़की दूल्हे की गाड़ी के सामने धरने पर बैठ गई.

लड़की का कहना था कि दूल्हे के साथ उसका प्रेम संबंध है और वो उसके साथ शादी करना चाहती है. लड़की की बात सुनकर सभी हैरान हो गए. मामला बिगड़ता देख दूल्हे के परिजनों ने इसकी शिकायत थाने को दी. लड़की को काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया पर लड़की नहीं मानी और शादी के मंडप के बदले दूल्हा थाने पहुंच गया .

लड़की ने पुलिस को बताया कि उसने पिछले 4 दिनों से वो कुछ नहीं खाया है और जब तक उसकी शादी प्रेमी के साथ नहीं हो जाती तब तक वो अनशन करती रहेगी.

लड़का और लड़की से बात करने पर पता चला कि दोनों के बीच पिछले एक साल से प्रेम संबंध है और दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन लड़के ने डर के कारण परिवारवालों को कुछ भी नहीं बताया.

लड़की की बात सुनाने के बाद पुलिस ने दोनों को समझा बुझाकर शादी के लिए न सिर्फ तैयार कराया बल्कि लड़की के शादी के जोड़े के साथ दूसरे खर्च करके श्यामा माई मंदिर में दोनोें की शादी करा दी. नवदंपत्ति ने परिवारवालों के साथ पुलिस वालों का भी पैर छूकर आशीर्वाद लिया.

लेकिन, बात यहीं पर खत्म नहीं हुई जिस लड़की के साथ लखेन्द्र धूमधाम से शादी करने निकला था उस लड़की की भी शादी हुई पर दूल्हा लखेंद्र नहीं बल्कि उसका छोटा भाई सुरेंद्र बना. इस मौके पर लड़के के पिता ने भी दोनों बहुओं का स्वागत किया.


MP Sab Kuch

फूड ऑफीसर ढाई हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा




 
शिवपुरी /ग्वालियर। लोकायुक्त पुलिस ने आज शिवपुरी में एक प्रभारी फूड ऑफीसर (इंस्पेक्टर)हनुमान प्रसाद मित्तल को ढाई हजार रूपए की श्वित लेते हुए रंगे हाथों पकड लिया है। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी फूड इंस्पेक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। 
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त ग्वालियर अमित सिंह ने बताया कि शिवपुरी में सुमन बेकरी के संचालक गोपाल राठौर ने लोकायुक्त पुलिस को शिकायत की कि प्रभारी फूड ऑफीसर (फूड इंस्पेक्टर) हनुमान प्रसाद मित्तल उससे बेकरी की गुणवत्ता की सही रिपोर्ट लगाने के एवज में पांच हजार रूपए मांग रहे हैं। गोपाल ने बताया कि वह ढाई हजार रूपए फूड ऑफीसर को दे भी चुका है। गोपाल ने उसकी शिकायत अप्रैल माह में ही की थी , लेकिन फूड ऑफीसर उससे पहली किश्त ढाई हजार रूपए लेकर चालाकी से निकल गया था। गोपाल का आज फूड ऑफीसर को शेष रकम ढाई हजार देने का वादा था। वह आज जब पैसे लेने पहुंचा तो फूड ऑफीसर कुछ ठिठका और गोपाल को अपने साथ लगभग दो किलोमीटर दूर तक ले गया वहां एक दुकानदार के पास उसने पैसे देने के लिए कहा लेकिन गोपाल ने फूड ऑफीसर हनुमान प्रसाद मित्तल को ढाई हजार रूपए थमा दिए। जैसे ही लोकायुक्त टीम को इशारा मिला वैसे ही टीम ने मौके पर ही फूड ऑफीसर को रंगे हाथों दबोच लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी फूड ऑफीसर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।



MP Sab Kuch